गुलाब बाई का हत्यारा पुलिस गिरफ्त में

चंदेरी, अशोकनगर, मध्य-प्रदेश (Chanderi, Ashoknagar, Madhya Pradesh), एकलव्य मानव संदेश (Eklavya Manav Sandesh) रिपोर्टर मुकेश रायकवार की रिपोर्ट, 8 मार्च 2019। गुलाब बाई का हत्यारा पुलिस गिरफ्त में पत्रकार वार्ता में पुलिस ने किया खुलासा। थाना चंदेरी में अपराध क्रमांक 121 /19 दिनांक 3/ 3/19 को कायम किए गए प्रकरण में नगर निरीक्षक दीपक यादव ने प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया कि आरोपी भरोसा पुत्र मंगलिया आदिवासी उम्र 48 साल निवासी ग्राम रामपुर मुहाल ग्राम पंचायत खिरका टांका ने डंडों से पीट-पीटकर गुलाब भाई की हत्या कर दी थी। आरोपी हत्या करके घटना के दिन से ही फरार था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में आरोपी को पकड़ने के लिए नगर निरीक्षक के द्वारा टीम गठित की गई, जिसमें स.उ.नि. विजय सिंह मीणा, प्र.आर.142 भैया लाल रघुवंशी, आर. सुधीर भार्गव, आर. प्रीतम सिंह को शामिल किया गया उक्त टीम के सदस्यों को राजस्थान के शहर कोटा, बूंदी ,विजय नगर आरोपी की तलाश में भेजा गया था। डीपीओ अशोक नगर में पदस्थ स.उ.नि. संजय गुप्ता एवं आरक्षक दीपक के साथ लगातार संपर्क में बने रहे। टीम की तत्पर्यता, सजगता और मेहनत से आरोपी को ढूंढ कर पुलिस गिरफ्त में लिया गया।
     पकड़े गए आरोपी को 7/3 /19 को थाना चंदेरी लाया गया। उसी दिन गिरफ्तारी भी की गई। आरोपी मृतिका के साथ स्वेच्छा से पति पत्नी के रूप में रहता था। आरोपी का विवाद मृतका की लड़की प्रसन्ना से मोबाइल छीनने को लेकर हुआ था। आरोपी ने मोबाइल छीनकर तोड़कर फेंक दिया था। मोबाइल तोड़ने के कारण आपस में हुए विवाद के चलते गुस्से में आकर आरोपी ने डंडों से पीट-पीटकर गुलाब बाई की निर्मम हत्या कर दी। इस की गई घटना की जानकारी आरोपी ने अपनी बहन को दी और घटना के बारे में विस्तार से बताया जिससे पुलिस को हत्या की जानकारी मिली।
      मृतका के लड़के राजू ने पूरी घटना की रिपोर्ट थाना चंदेरी में दर्ज कराई थी। समस्त कार्रवाई और गिरफ्तारी में टीआई दीपक यादव, उप निरीक्षक फेमीदा खान, पीएसआर जया दांगी, सउनि. नरेंद्र सिंह जाट ,प्रधान आरक्षक रघुवीर मांडरे,  प्रधान आरक्षक हरनाम सिंह ,आरक्षक राम सिंह, आरक्षक राजेंद्र, आरक्षक उपेंद्र सिंह का पूर्ण सहयोग रहा।