महराजगंज में दुष्कर्म के बाद 13 साल की बालिका की हत्या

नौतनवां, महराजगंज, उत्तर प्रदेश, एकलव्य मानव संदेश रिपोर्टर धर्मेंद्र मधेशिया की रिपोर्ट, 29 अगस्त 2020। फिर शर्मसार हुई इंसानियत, दरिंदे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दुष्कर्म के बाद मासूम बच्ची की हत्या कर डाली, नौतनवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को चाउमिन खिलाने के बहाने मासूम लड़की को बाजार ले गया था दरिंदा, शनिवार को हुआ मामले का खुलासा, दुष्कर्म के बाद गला दबाकर मासूम की हत्या, शव जंगल में फैंका, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जनता में भारी आक्रोश।  

   महाराजगंज जिला के नौतनवां में उत्तरी चौक रेंज के टेड़ी घाट बीट के जंगल में शनिवार को 13 वर्षीय बालिका का शव मिला। बालिका शुक्रवार से घर से लापता थी। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के पिता ने बताया कि उनकी बेटी शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर से निकली थी। अंधेरा होने पर ही वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह घर वालों ने दोबारा उसकी तलाश शुरू की।
    सुबह के समय जंगल में लकड़ी चुनने गईं महिलाओं ने बालिका का शव देख शोर मचाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बालिका को तलाश रहे परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में की। घटना स्थल पर शराब की खाली बोतल मिली। 

     क्षेत्राधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद किशोरी की गला दबाकर कर हत्या की बात सामने आई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है और बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या करने व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।